






















Newsट्रेंडिंगदूध के बाद CNG भी हुआ महंगा! महानगर गैस ने प्रति किलो ₹2 बढ़ाए दाम - अब इतना करना होगा खर्च

AI Generated Image
मुंबई में आज से ऑटो, टैक्सी और निजी कार से सफर करना जेब पर भारी पड़ने वाला है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया है। नई दरें 14 मई की रात 12 बजे से प्रभावी हो गई हैं, जिसके बाद मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में सीएनजी अब 84 रुपये प्रति किलो के भाव पर मिलेगी। कल तक यही गैस 82 रुपये प्रति किलो बिक रही थी।
कीमतों में हुई इस अचानक बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय कारण जिम्मेदार हैं। महानगर गैस के अधिकारियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने गैस खरीदने की लागत बढ़ा दी है। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी ने भी कंपनी पर बोझ डाला है। एमईएल के एक प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में अस्थिरता की वजह से यह कड़ा फैसला लेना पड़ा है।
मुंबई के करीब 12 लाख वाहन मालिकों को झटका
इस फैसले का सीधा झटका मुंबई के करीब 12 लाख वाहन मालिकों को लगा है। शहर की सड़कों पर दौड़ने वाले 4.7 लाख ऑटो रिक्शा और 1.6 लाख टैक्सियों के लिए अब गाड़ी चलाना महंगा हो गया है। इसके अलावा करीब 5 लाख निजी कार मालिक भी इस बढ़ोतरी की चपेट में आएंगे। ऑटो और टैक्सी यूनियनों ने इस पर अपनी नाराजगी जाहिर कर दी है।
मुंबई की टैक्सी यूनियन के एक पदाधिकारी ने संकेत दिया है कि वे जल्द ही किराए में 2 रुपये तक की बढ़ोतरी की मांग करेंगे, जबकि ऑटो यूनियन 1 रुपये किराया बढ़ाने के पक्ष में है।
सरकारी बसों का भी बढ़ सकता है किराया
सड़क परिवहन के अलावा पब्लिक बसों के परिचालन पर भी इसका साया मंडरा रहा है। बेस्ट (BEST) और एमएसआरटीसी (MSRTC) जैसी संस्थाओं की हजारों बसें सीएनजी पर ही चलती हैं, जिससे आने वाले दिनों में आम यात्रियों के लिए बस किराया बढ़ने की संभावना पैदा हो गई है।
हालांकि, पीएनजी (PNG) का इस्तेमाल करने वाले 31 लाख परिवारों के लिए राहत की बात यह है कि रसोई गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
Edited By:
Gaurav
Published On:
May 14, 2026
此内容由惯性聚合(RSS阅读器)自动聚合整理,仅供阅读参考。 原文来自 — 版权归原作者所有。