























EPFO News: अगर आपका पीएफ क्लेम लंबे समय से अटका हुआ है या पेंशन से जुड़ी शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा, तो अब राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने देशभर में लंबित मामलों को तेजी से निपटाने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया है।
इस अभियान का मकसद पीएफ पेंशन और कानूनी विवादों से जुड़े मामलों को जल्दी सुलझाना और लोगों को लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत देना है। EPFO इसे मिशन मोड में चला रहा है ताकि कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की परेशानियां जल्द कम की जा सकें।
अब शिकायत बढ़ने का इंतजार नहीं करेगा EPFO
पहले अक्सर लोग पीएफ क्लेम, पेंशन या ब्याज से जुड़े मामलों में महीनों तक चक्कर लगाते रहते थे। कई मामलों में विवाद उपभोक्ता अदालत तक पहुंच जाते थे। लेकिन अब EPFO ने अपना तरीका बदल दिया है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: संभलकर खर्च कर रहे भारतीय! क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन की रफ्तार हुई धीमी, जानिए क्या कहते हैं आंकड़े
संगठन निधि आपके निकट (NAN) कार्यक्रम के जरिए खुद लंबित मामलों की पहचान कर रहा है और उन्हें जल्दी निपटाने की कोशिश कर रहा है। अब सिर्फ शिकायत आने का इंतजार नहीं किया जाएगा, बल्कि अधिकारी खुद मामलों को ट्रैक करेंगे।
कितने मामले हुए कम?
EPFO के आंकड़ों के मुताबिक 1 अप्रैल 2024 तक उपभोक्ता अदालतों में 4,936 मामले लंबित थे। लेकिन 31 मार्च 2026 तक यह संख्या घटकर 2,646 रह गई। यानी हजारों पुराने विवादों का निपटारा किया जा चुका है।
सिर्फ उपभोक्ता अदालत ही नहीं, बल्कि सभी तरह के कानूनी मामलों में भी गिरावट दर्ज की गई है। EPFO के अनुसार, 1 अप्रैल 2025 तक कुल 31,036 मामले लंबित थे। एक साल के भीतर यह संख्या घटकर 27,639 तक आ गई। करीब 3,397 विवादों को सुलझाया गया।
10 साल पुराने मामलों पर भी कार्रवाई
EPFO ने उन मामलों पर भी फोकस किया है जो 10 साल से ज्यादा समय से अटके हुए थे। संगठन ने ऐसे 8,539 पुराने मामलों की पहचान की, जिनमें से 3,874 मामलों का समाधान कर दिया गया। इससे लंबे समय से अटके विवादों में करीब 45% की कमी आई है।
PF जमा और ब्याज विवाद भी होंगे जल्दी हल
EPFO ने फरवरी से मार्च 2026 के बीच एक खास राष्ट्रीय अभियान भी चलाया। इसका उद्देश्य PF जमा, ब्याज भुगतान और नियोक्ता योगदान से जुड़े विवादों को तेजी से सुलझाना था।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: अयोध्या, काशी से नेपाल तक! IRCTC लाया सस्ता टूर पैकेज; ट्रेन, होटल, फूड मिलेगी हर सुविधा- चेक करें प्राइस
इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई, जो सीधे लोगों और न्यायाधिकरणों के साथ मिलकर मामलों को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। इस अभियान के दौरान 353 अपीलों का निपटारा किया गया, जबकि करीब 650 मामलों पर अभी काम जारी है।
क्या बदलने की कोशिश कर रहा है EPFO?
लंबे समय से लोग PF विवादों को देरी, कागजी कार्रवाई और कानूनी झंझट से जोड़कर देखते रहे हैं। लेकिन अब EPFO की कोशिश है कि सिस्टम को ज्यादा तेज, आसान और लोगों के लिए आसान बनाया जाए ताकि कर्मचारियों को अपने पैसे के लिए सालों तक इंतजार न करना पड़े।
此内容由惯性聚合(RSS阅读器)自动聚合整理,仅供阅读参考。 原文来自 — 版权归原作者所有。