Newsट्रेंडिंगपीएम मोदी का बड़ा फैसला! आधा होगा प्रधानमंत्री के काफिले का साइज, कॉन्वॉय में शामिल होंगी EV गाड़ियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने घरेलू दौरों से जुड़ा एक बड़ा बदलाव किया है, जिसे सरकार जिम्मेदार व्यवहार और ईंधन बचत के संदेश से जोड़कर देख रही है। इस फैसले में इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर भी खास निर्देश दिए गए हैं। पढ़िए पूरी खबर।

AI Generated Image
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने घरेलू दौरों में साथ चलने वाले काफिले का साइज आधा करने यानी 50% की कटौती करने को कहा ह। इंडिया टुडे के रिपोर्टर हिमांशु मिश्रा के रिपोर्ट के मुताबिक यह कदम सभी जरूरी सुरक्षा प्रोटोकॉल बरकरार रखते हुए उठाया गया है। सरकार इसे ईंधन बचत और जिम्मेदार व्यवहार का संदेश मान रही है।
बीते रविवार को हैदराबाद में दिए गए भाषण के बाद प्रधानमंत्री के गुजरात और असम दौरों के दौरान काफिले में वाहनों की संख्या घटाई है। हालांकि, स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप यानी SPG के तहत जरूरी सभी सुरक्षा इंतजाम पहले की तरह बनाए रखे गए ताकि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में कोई कमी न आए।
काफिले में शामिल होंगी इलेक्ट्रिक गाड़ियां
प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि जहां संभव हो, उनके काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल किया जाए। इसके लिए नई खरीदारी नहीं की जाएगी, बल्कि मौजूदा संसाधनों का इस्तेमाल किया जाए।
यह कदम प्रधानमंत्री की उन 'सात अपीलों' से जुड़ा माना जा रहा है, जिनमें उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता घटाने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने की बात कही थी।
बीते रविवार को पीएम मोदी ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि आज के दौर में देशभक्ति सिर्फ सीमा पर बलिदान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में जिम्मेदार व्यवहार भी उसका हिस्सा है।
उन्होंने लोगों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन, कार-पूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों का ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की थी।
खाद और खाने के तेल पर भी जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को खाद्य तेल आयात करने में बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च करनी पड़ती है। उन्होंने लोगों से खाने के तेल की खपत कम करने की अपील करते हुए कहा कि हर घर छोटी बचत करेगा तो उसका बड़ा असर पड़ेगा।
उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के इस्तेमाल में कमी लाने और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की भी अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि इससे अर्थव्यवस्था के साथ पर्यावरण को भी फायदा होगा।
Edited By:
Gaurav
Published On:
May 13, 2026


























